Advertisement
f ▶ ◎ 𝕏

केंद्रीय राज्य मंत्री एल. मुरुगन का इस्तीफा, राज्यसभा की सदस्यता भी छोड़ी

2029 के लोकसभा चुनाव से पहले तमिलनाडु में भाजपा को मजबूत करने के लिए जमीनी राजनीति में लौटने का फैसला

रवीन्द्र त्रिपाठी

नई दिल्ली। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण तथा संसदीय कार्य राज्य मंत्री डॉ. एल. मुरुगन ने मंगलवार को अपने मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने राज्यसभा की सदस्यता छोड़ने का भी फैसला किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लिखे पत्र में मुरुगन ने तमिलनाडु में भारतीय जनता पार्टी को मजबूत करने के लिए पूर्णकालिक रूप से काम करने की इच्छा जताई है। मुरुगन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्रीय मंत्रिपरिषद में काम करना उनके जीवन का बड़ा सम्मान रहा है। अब वह पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ जमीनी स्तर पर काम करते हुए तमिलनाडु में भाजपा के संगठन को मजबूत करना चाहते हैं।

2029 के चुनाव पर नजर

डॉ. एल. मुरुगन का यह फैसला ऐसे समय आया है, जब भाजपा आगामी लोकसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए तमिलनाडु में अपना जनाधार बढ़ाने की कोशिश कर रही है। मुरुगन पहले तमिलनाडु भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भी रह चुके हैं। उन्होंने मध्य प्रदेश से राज्यसभा सदस्य के रूप में संसद में प्रतिनिधित्व किया था।
उनके मंत्री पद और राज्यसभा सदस्यता छोड़ने के फैसले से राष्ट्रीय राजनीति में हलचल बढ़ गई है। हालांकि, उन्होंने अपने फैसले के पीछे पार्टी को मजबूत करने के उद्देश्य को प्रमुखता दी है।