Advertisement
f ▶ ◎ 𝕏

राहुल गांधी को ‘नालायक’ कहने पर सियासी घमासान

संबित पात्रा के बयान पर विपक्ष हमलावर,कांग्रेस सहित कई दलों ने जताई कड़ी आपत्ति, भाजपा प्रवक्ता के खिलाफ कार्रवाई की मांग

रवीन्द्र त्रिपाठी

नई दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं सांसद संबित पात्रा द्वारा ‘नालायक नेता’ कहे जाने पर राजनीतिक विवाद गहरा गया है। कांग्रेस सहित विपक्षी दलों और विभिन्न संगठनों ने बयान पर कड़ी आपत्ति जताते हुए पात्रा के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। विपक्ष ने इसे राजनीतिक मर्यादा के विरुद्ध बताते हुए सार्वजनिक जीवन में शालीन भाषा के इस्तेमाल पर सवाल उठाए हैं। संबित पात्रा ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात के बाद राहुल गांधी के बयान पर निशाना साधते हुए उन्हें ‘नालायक नेता’ करार दिया था। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने राष्ट्रपति को सड़क पर होने वाले विरोध-प्रदर्शन की राजनीति में घसीटने का प्रयास किया। पात्रा ने राहुल गांधी को अराजकतावादी बताते हुए उन पर देश में अराजकता फैलाने की कोशिश करने का आरोप भी लगाया। पात्रा की टिप्पणी के बाद सियासी टकराव तेज हो गया है। विपक्षी दलों का कहना है कि राजनीतिक मतभेदों के बावजूद नेताओं को सार्वजनिक संवाद में भाषा की मर्यादा बनाए रखनी चाहिए। राहुल गांधी के खिलाफ इस्तेमाल किए गए शब्दों को लेकर कांग्रेस सहित कई राजनीतिक दलों और संगठनों ने विरोध दर्ज कराया है। यह विवाद ऐसे समय सामने आया है, जब मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष का विरोध-प्रदर्शन और राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपने का मुद्दा पहले से ही राजनीतिक बहस के केंद्र में है। ऐसे में संबित पात्रा की टिप्पणी ने सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तल्खी और बढ़ा दी है। अब सवाल यह है कि राजनीतिक बहस में आरोप-प्रत्यारोप की सीमा कहां तय होगी और क्या दोनों पक्ष सार्वजनिक संवाद में मर्यादा बनाए रखने की पहल करेंगे।