Advertisement
f 𝕏

राम मंदिर परिसर में देव शिल्पी भगवान विश्वकर्मा की विधि-विधान से पूजा

रवीन्द्र त्रिपाठी

अयोध्या। विश्वकर्मा जयंती के पावन अवसर पर श्रीराम जन्मभूमि मंदिर परिसर में निर्माण कार्य से जुड़े श्रमिकों, अभियंताओं और एलएंडटी के अधिकारियों-कर्मचारियों ने देव शिल्पी भगवान विश्वकर्मा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान हवन-पूजन और आरती के साथ निर्माण कार्य में सुरक्षा, सफलता और मंगलकामना की प्रार्थना की गई।पूजन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में निर्माण कार्य से जुड़े लोगों ने भाग लिया। भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा के समक्ष पुष्प, अक्षत, फल, नारियल और प्रसाद अर्पित कर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन किया गया। श्रद्धालुओं ने निर्माण कार्य की निर्बाध प्रगति और सभी श्रमिकों की सुरक्षा की कामना की।

श्रद्धा और निर्माण का संगम

विश्वकर्मा जयंती पर आयोजित यह पूजन निर्माण से जुड़े श्रमिकों और तकनीकी विशेषज्ञों के लिए विशेष महत्व रखता है। भगवान विश्वकर्मा को देवताओं के शिल्पकार और निर्माण कला का आदिदेव माना जाता है। इसी आस्था के साथ निर्माण क्षेत्र से जुड़े लोग हर वर्ष इस दिन अपने औजारों, मशीनों और कार्यस्थल की पूजा करते हैं।