अंबिकापुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शनिवार को अंबिकापुर में आयोजित दो दिवसीय ‘अग्र महाकुंभ-2026’ का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने अग्रवाल समाज की उद्यमिता, परोपकार, दानशीलता और समाजसेवा की परंपरा की सराहना करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की आर्थिक एवं सामाजिक प्रगति में समाज का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। व्यापार और व्यवसाय से आगे बढ़कर अग्रवाल समाज के उद्यमियों ने उद्योग स्थापित करने, रोजगार पैदा करने और जनसेवा के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय भूमिका निभाई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि महाराजा अग्रसेन ने सामाजिक समानता, सहयोग, करुणा और सहभागिता पर आधारित समाज की कल्पना की थी। उनका विचार था कि समाज की वास्तविक प्रगति तभी संभव है, जब हर व्यक्ति को आगे बढ़ने का अवसर मिले और सक्षम लोग जरूरतमंदों का हाथ थामकर उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ें। अग्रवाल समाज ने इन आदर्शों को पीढ़ी-दर-पीढ़ी अपने व्यवहार और सामाजिक गतिविधियों में आगे बढ़ाया है उन्होंने कहा कि अग्रवाल समाज की पहचान केवल व्यापारिक सफलता और उद्यमिता तक सीमित नहीं है। अर्थोपार्जन के साथ समाजसेवा और परमार्थ की भावना इसकी विशिष्ट पहचान रही है। प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में स्वास्थ्य शिविर, धर्मशालाएं, शिक्षा एवं स्वास्थ्य संस्थान और अन्य जनसेवा गतिविधियां इसका उदाहरण हैं। मुख्यमंत्री ने कोरोना महामारी के दौर में समाज की भूमिका का उल्लेख करते हुए कहा कि जब पूरा देश अभूतपूर्व संकट से गुजर रहा था, तब अग्रवाल समाज ने जरूरतमंदों की सहायता के लिए आगे बढ़कर काम किया। ऑक्सीजन की व्यवस्था, जरूरतमंद परिवारों तक राशन पहुंचाने और स्वास्थ्य शिविरों के आयोजन जैसी गतिविधियों के माध्यम से समाज ने सेवाभाव का परिचय दिया।
अग्रवाल समाज की उद्यमिता से छत्तीसगढ़ को नई आर्थिक ताकत : साय
